पंजाब में पहली अनूठी पहल: वरिष्ठ नागरिकों के लिए नितिन कोहली ने शुरू की निशुल्क ई-रिक्शा सेवा

बुजुर्गों की सुविधा, हमारी प्राथमिकता” अभियान के तहत 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों, सामाजिक कार्यक्रमों और आवश्यक कार्यों के लिए मिलेगी मुफ्त परिवहन सुविधा

जालंधर, 2 जून। जालंधर सेंट्रल के हलका प्रभारी नितिन कोहली ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा और कल्याण को समर्पित एक अनूठी जनसेवा पहल की शुरुआत करते हुए निशुल्क ई-रिक्शा सेवा लॉन्च की है। “बुजुर्गों की सुविधा, हमारी प्राथमिकता” अभियान के तहत शुरू की गई यह सेवा 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को उनके दैनिक आवागमन में सहायता प्रदान करेगी। इसे पंजाब में अपनी तरह की पहली पहल माना जा रहा है।

इस सेवा के तहत वरिष्ठ नागरिक गुरुद्वारों, मंदिरों, सत्संग कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों, अस्पतालों, दवा खरीदने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन बुजुर्गों को राहत प्रदान करना है, जिन्हें आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस अवसर पर नितिन कोहली ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह अपने बुजुर्गों का कितना सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव, संस्कार और विरासत के सबसे मजबूत स्तंभ हैं। जिन्होंने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के निर्माण में समर्पित किया है, उनके सम्मान और सुविधा को सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि उनका विजन केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं और सेवाएं पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत यह विशेष सेवा शुरू की गई है, ताकि वरिष्ठ नागरिक बिना किसी परेशानी के अपने धार्मिक, सामाजिक और व्यक्तिगत कार्यों को पूरा कर सकें।

स्थानीय निवासियों और वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समाज के प्रति संवेदनशील सोच का प्रतीक बताया। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की योजनाएं न केवल बुजुर्गों का जीवन आसान बनाती हैं, बल्कि उनके सम्मान और आत्मविश्वास को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम में सुभाष शर्मा, गोल्डी मरवाहा, मनीष शर्मा, परवीन पब्बी, एम.बी. बाली, सुमित शर्मा, राजीव गिल, गुरप्रीत कौर, लव रॉबिन, अजय चोपड़ा, मनमोहन राजू, दीपक कुमार, अमरदीप सिंह किन्नू, जसविंदर सिंह, तरलोक सारन, परवीन पहलवान, नरेश शर्मा, जतिन गुलाटी, निखिल अरोड़ा, हरपाल मिंटू, अशोक साबरवाल, तरनदीप सनी, लगनदीप और जसप्रीत सिंह रिप्पी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

निशुल्क ई-रिक्शा सेवा का लाभ लेने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 0181-5018181 और 89686-21277 पर संपर्क कर सकते हैं।

“बुजुर्गों की सुविधा, हमारी प्राथमिकता” केवल एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पहल जालंधर सेंट्रल में जनसेवा के एक संवेदनशील और मानवीय मॉडल के रूप में नई पहचान स्थापित कर रही है।