जालंधर छावनी। पंजाब खेल मेले के तहत आयोजित डिस्ट्रिक्ट लेवल टूर्नामेंट में जालंधर छावनी के युवा खिलाड़ी राधे मोहन शर्मा ने लॉन टेनिस में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रांज मेडल अपने नाम किया। इस बेहतरीन उपलब्धि के साथ राधे मोहन शर्मा का चयन अब स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राधे मोहन शर्मा ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल उनके परिवार बल्कि जालंधर छावनी के खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।
राधे मोहन शर्मा के पिता दिनेश शर्मा, जो स्थानीय कैंटोनमेंट बोर्ड में कार्यरत होने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं, ने बताया कि उनका बेटा वर्तमान में बीए फाइनल ईयर में पढ़ाई कर रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह लॉन टेनिस की नियमित और पूरी शिद्दत से प्रैक्टिस करता है। राधे मोहन का प्रयास रहता है कि खेल और पढ़ाई, दोनों के बीच बेहतर संतुलन कायम रहे।
उन्होंने कहा कि राधे मोहन की इस सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति लगन है। जिला स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि है और अब स्टेट स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए वह पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा।
राधे मोहन शर्मा की इस उपलब्धि के बाद जालंधर छावनी में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, परिवार और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि युवा खिलाड़ियों की ऐसी उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करती हैं।

